
जबलपुर। सिहोरा पुलिस ने एनएच-30 पर घेराबंदी कर पौड़ा से कटनी जा रही एक कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे करीब 14 लाख 68 हजार रुपये का माल बरामद किया है।
थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने बताया कि सूचना मिली थी कि पौड़ा गांव की ओर से एक सफेद रंग की कार क्रमांक एमपी 21 जेड जी 7413 में अवैध शराब लोड कर दो तस्कर कटनी की ओर निकलने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनएच-30 रोड पर खुड़ावल मोड़ के पास जाल बिछाया। जैसे ही बताई गई कार वहां पहुंची, पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे रोक लिया। कार की तलाशी लेने पर पुलिस की आंखें फटी रह गईं। कार के अंदर 24 पेटी महंगी अंग्रेजी शराब भरी हुई थी। कार में मौजूद अभय सिंह उर्फ विवेक ठाकुर 31 वर्ष, ऐजाज अहमद 26 वर्ष दोनों निवासी भट्टा मोहल्ला, थाना रंगनाथ, जिला कटनी को गिरफ्तार किया गया। 2,14,200 रूपए की शराब, खरीद-फरोख्त के लिए रखे 54,500 नगद 12,00,000 रूपए की कार जप्त की गई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह शराब ग्राम पोंड़ा की दुकान से खरीदी थी और इसे अवैध रूप से खपाने के लिए कटनी ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट मामला दर्ज कर इस बात की भी जांच कर रही है कि इस अवैध नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।
