भैरूंदा। नर्मदा नदी के सीलकंठ नाव घाट पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब रेत से लदी एक नाव तेज हवा और अचानक बदले मौसम के कारण बीच धारा में पलट गई. हादसे में नाव सवार चार युवक नदी में गिर गए, जिनमें से दो ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि दो युवक लापता हो गए. घटनाके लगातार दूसरे दिन राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), होमगार्ड व पुलिस की टीमों द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे चार युवक नाव के जरिए नर्मदा नदी में गए थे और रेत भरकर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के झोंकों के साथ नदी में ऊंची लहरें उठने लगीं. नाव पहले से ही रेत से भारी थी, जिससे उसका संतुलन बिगड़ा. देखते ही देखते नाव बीच धारा में पलट गई.नाव पलटते ही सभी युवक नदी में जा गिरे.
हादसे के दौरान मुकेश कुमार और सोनू कुमार, दोनों निवासी पूर्णिया (बिहार), ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह तैरकर किनारे तक पहुंचने में सफलता हासिल की. वहीं उनके साथ मौजूद लड्डू कुमार और रंजीत दोनों निवासी पूर्णिया (बिहार), तेज बहाव में बह गए .
सूचना मिलते ही थाना भैरूंदा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया. गोताखोरों की मदद से नदी में गहन सर्चिंग अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक दोनों लापता युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका. अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा.
पुलिस के मुताबिक चारों युवक बिहार से महज दो दिन पहले ही काम की तलाश में यहां आए थे. वे आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, जिनमें दो साले-जीजा और दो साडू के रिश्ते में हैं. लापता हुए दोनों युवक भी आपस में साडू बताए गए हैं.
एसडीओपी रोशन कुमार जैन और थाना प्रभारी घनश्याम सिंह दांगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चारों युवक मछली पकडऩे गए थे, जबकि नाव में रेत भरी होने की बात भी सामने आई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल खबर लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं लग पाया था.
जमोनिया तालाब में भी तलाश जारी
इसी तरह शहर के समीपस्थ जमोनिया तालाब में शुक्रवार को नहाने के दौरान डूबे मंडी फ्रीगंज के युवक आर्यन सूर्यवंशी की तलाश शनिवार को भी दिन भर जारी रही. सुबह से शुरू हुए सर्च ऑपरेशन के दौरान मोटरबोट से पानी को हिलाया गया ताकि शव ऊपर आ सके. इसके अलावा जाल भी डाले गए, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर गोताखोर की मदद ली गई. शनिवार को दिन भर जमोनिया तालाब में युवक की तलाश की जाती रही, लेकिन कुछ पता नहीं चला. रविवार को फिर से उसकी तलाश शुरू की जाएगी.
