
आष्टा। आदर्श कॉलोनी में एक मामूली 30 रुपये के लेन-देन ने ऐसा तूल पकड़ा कि पूरा इलाका दहशत में आ गया. शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, आकाश मालवीय आदर्श कॉलोनी स्थित बादल मेवाड़ा की दुकान पर सिगरेट लेने पहुंचा था. इस दौरान 30 रुपए को लेकर कहासुनी हो गई, जो धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई.
विवाद के दौरान आकाश ने बादल सिंह और उसके पुत्र कृष्णा मेवाड़ा पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे दोनों को चोटें आईं.
घटना के बाद आरोपी आकाश मालवीय शराब के नशे में अपने घर से दराता लेकर वापस आया और हॉस्पिटल चौराहे के आसपास घूमने लगा. उसके हाथ में धारदार हथियार देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई. आरोपी को पकडऩे की कोशिश के दौरान राजा खान गंभीर घायल हो गया. उसके अंगूठे में गहरी चोट आई, जिसके बाद उसे तुरंत सिविल अस्पताल लाया गया. हालत गंभीर होने पर सीहोर रेफर किया गया. मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकडऩे के दौरान उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर दराता जब्त किया. घायल आरोपी को इलाज के दौरान ही पुलिस निगरानी में रखा गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है
