
सीधी ।कलेक्टर विकास मिश्रा ने तहसील न्यायालय कुसमी का निरीक्षण कर न्यायालयीन एवं राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण तथा कार्यों में गति लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विशेष रूप से नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन जैसे महत्वपूर्ण राजस्व प्रकरणों को समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े इन प्रकरणों के लंबित रहने से अनावश्यक विवाद उत्पन्न होते हैं, इसलिए इनका त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने न्यायालयों में नियमित सुनवाई सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि न्यायालयीन कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई करते हुए आमजन को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने राहत से संबंधित प्रकरणों के निराकरण में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को बिना विलंब राहत प्रदान की जाए। इसके साथ ही कलेक्टर ने राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए 31 मार्च से पूर्व निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसील परिसर का अवलोकन कर साफ-सफाई बनाए रखने तथा कार्यालयीन रिकॉर्डों के व्यवस्थित संधारण के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित रिकॉर्ड प्रबंधन से कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ती है।इस अवसर पर तहसीलदार नारायण सिंह सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
