
इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित पटेल मार्केट में शनिवार को एक दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पास के मेडिकल स्टोर व क्लिनिक को भी अपनी चपेट में ले लिया. घटना से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई. सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
फायर ब्रिगेड में प्रधान आरक्षक विजयशंकर शुक्ला ने बताया कि करीब 11:21 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी, जिसके बाद तीन दमकल वाहन और चार टैंकर मौके पर पहुंचे. आग बुझाने में लगभग 30 हजार लीटर पानी का उपयोग किया गया. वहीं तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम का कहना है कि आग में तीन दुकानें प्रभावित हुई हैं, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई. प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद होगी. आग की शुरुआत एक बंद रेस्टोरेंट से हुई, जिसने पास के मेडिकल स्टोर और क्लिनिक को भी नुकसान पहुंचाया. मामले में जांच की जा रही है.
