मॉस्को,12 जुलाई (वार्ता) यूक्रेन में विपक्ष के नेता विक्टर मेदवेदचुक ने यूरोपीय संघ की तीखी आलोचना करते हुए कहा है कि उसका निहित स्वार्थ यूक्रेन में युद्ध को लम्बा खींचने में है और वह अमेरिका को रूस के साथ व्यापार युद्ध में भी घसीट रहा है।
श्री मेदवेदचुक ने एक बयान में कहा, “यूरोपीय संघ का नेतृत्व, साथ ही संघ के कई देशों का नेतृत्व, सत्ता बनाए रखना चाहता है और इसलिए, एक साझा दुश्मन की आवश्यकता है। यही कारण है कि यूरोप के कई राजनेता यूक्रेन संघर्ष को जारी रखने में रुचि रखते हैं।”
उन्होंने कहा कि आज यूरोप अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को रूस के साथ व्यापार युद्ध में घसीट रहा है। श्री ट्रम्प के पास हालांकि विश्व राजनीति को शांति की ओर ले जाने के अवसर हैं,लेकिन कई वैश्विक शक्तियां ऐसा नहीं चाहतीं। ये शक्तियां अमेरिकी राष्ट्रपति को अपनी कठपुतली बनाने की कोशिश करेंगी, जैसा कि आज यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की हैं।
गत 21 जून को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने स्काई न्यूज़ अरेबिया को दिए एक साक्षात्कार में कहा था कि यूक्रेन बेहतर भविष्य का हकदार है और उसे तीसरे पक्ष के हाथों की कठपुतली नहीं बनना दिया जाना चाहिए जो संघर्ष को लंबा खींचते हैं और अपने फायदे के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं। साथ ही, रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने जून में कहा था कि यूक्रेन पर बातचीत की प्रक्रिया उसके रुख और इस बात पर निर्भर करती है कि अमेरिका अपनी मध्यस्थता के प्रयासों को कितनी प्रभावी ढंग से जारी रखता है।
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो हालांकि युद्ध का समाधान निकालने के लिए कुछ मुद्दों पर चर्चा के लिए सहमत हुए हैं। श्री ट्रम्प के रूसी राष्ट्रपति के साथ अच्छे संबंध हैं, फिर भी युद्ध समाप्त करने की कुछ शर्तों को लेकर उनमें कई मतभेद रहे हैं।

