सेना ने जीईएम पर पहला पूंजीगत खरीद अनुबंध किया, 93 टेलिस्कोपिक हैंडलर की होगी आपूर्ति

नयी दिल्ली ,28 मार्च (वार्ता) भारतीय सेना ने एक ऐतिहासिक घटनाक्रम में सरकारी खरीद पोर्टल (जीईएम) के माध्यम से अपना पहला पूंजीगत खरीद अनुबंध किया है जिसे रक्षा अधिग्रहण में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।

सेना के सूत्रों के अनुसार ‘भारतीय खरीदो’ श्रेणी के अंतर्गत इस अनुबंध में मेसर्स जेसीबी इंडिया लिमिटेड से 25.90 करोड़ रुपये की लागत पर 93 टेलिस्कोपिक हैंडलर्स की खरीद की जायेगी।

यह खरीद सेना की अधिग्रहण प्रक्रिया में एक परिवर्तनकारी बदलाव को दर्शाती है, जिसमें पूंजीगत खरीद के लिए जीईएम पोर्टल का इस्तेमाल किया गया है। इस पहल से खरीद प्रक्रिया के समय में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है, साथ ही निर्धारित प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन और प्रक्रियात्मक अखंडता भी सुनिश्चित होगी। इस पारदर्शी, कुशल और प्रौद्योगिकी-सक्षम मार्ग को अपनाकर, भारतीय सेना ने महत्वपूर्ण उपकरणों की तेज़ और अधिक सुव्यवस्थित खरीद के लिए एक नया रास्ता खोल दिया है।

यह कदम जीईएम के माध्यम से इसी प्रकार की खरीद प्रक्रियाओं को अपनाने के लिए व्यापक संस्थागत महत्व भी रखता है। व्यापक स्तर पर, यह रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में सरकार के प्रयासों को सुदृढ़ करता है और सशस्त्र बलों की परिचालन आवश्यकताओं को पूरा करने में भारतीय उद्योग की अधिक भागीदारी को बढ़ावा देता है। इन टेलिस्कोपिक हैंडलर्स की खरीद से विभिन्न परिचालन परिस्थितियों में भारतीय सेना की लॉजिस्टिक्स और सामग्री प्रबंधन क्षमताओं में और वृद्धि होगी।

Next Post

सागर-कानपुर फोरलेन: मुआवजा मिला पर रास्ता छिना, 4 गांवों के किसानों के सामने आजीविका का संकट

Sat Mar 28 , 2026
शाहगढ़: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सागर-कानपुर फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य तेजी से जारी है, लेकिन इस विकास कार्य के बीच किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. सरकार द्वारा किसानों की जमीन अधिग्रहित कर मुआवजा राशि तो दे दी गई, लेकिन उनके हितों को ध्यान में रखते हुए […]

You May Like