जबलपुर:नगर निगम द्वारा विभिन्न करों के भुगतान पर दी जा रही विशेष छूट की समय-सीमा समाप्त होने में अब मात्र 4 दिन शेष रह गए हैं। करदाताओं के उत्साह और सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने निगम के सभी कैश काउंटरों को सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक खोलने के आदेश जारी किए हैं।शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने राजस्व, जल, बाजार, स्वास्थ्य, कॉलोनी सेल और भवन शाखा के अधिकारियों को वसूली अभियान में और अधिक गति लाने के कड़े निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति के पूर्व प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करें और नागरिकों को शासन की छूट संबंधी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुँचाना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने कहा कि कामकाजी नागरिकों की सुविधा के लिए अब देर रात तक काउंटर खुले रहेंगे, ताकि वे कार्यालयीन समय के बाद भी आसानी से कर जमा कर सकें। निगमायुक्त के अनुसार समय पर कर भुगतान करने वाले नागरिकों को नियमानुसार अधिभार में भारी छूट का लाभ दिया जा रहा है।
