
ब्यावरा। राजगढ़ में गुरुवार दोपहर भोपाल रोड पर लसुडिया भामा जोड़ के पास बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे कुरावर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है. घायल के शरीर में कई जगह फ्रैक्चर हुए हैं. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे कुरावर अस्पताल पहुंचाया. घायल अभी होश में नहीं है. इस वजह से उसकी पहचान नहीं हो सकी है.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे खेत में उतर गई. बस में सवार यात्रियों को उतारने के बाद चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस के अनुसार, बस में सवार किसी यात्री को चोट नहीं आई है.
जानकारी के अनुसार, मां केसरी नंदन बस सारंगपुर से कुरावर की ओर आ रही थी. वहीं बाइक सवार कुरावर से नरसिंहगढ़ की तरफ जा रहा था. कुरावर से करीब 7 किलोमीटर दूर लसुडिया भामा जोड़ पर दोनों की टक्कर हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लिया. पुलिस घायल की पहचान करने के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
