नयी दिल्ली 26 मार्च (वार्ता) पश्चिम एशिया संकट के कारण दुनिया भर में बनी अनिश्चितता की स्थिति के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ मौजूदा स्थिति और इसके प्रभावों से निपटने की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
सूत्रों के अनुसार वीडियो कांफ्रेन्स के जरिए होने वाली इस बैठक में चुनाव आचार संहिता के कारण उन राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल नहीं होंगे जहां विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
पश्चिम एशिया की स्थिति के मद्देनजर उपजे हालातों के बीच इस बैठक को राज्यों के साथ तालमेल बढाने और उन्हें विश्वास में लेने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। बैठक में विशेष रूप से ऊर्जा आपूर्ति के बारे में राज्यों को मौजूदा स्थिति तथा भारत में ऊर्जा की स्थिति और इस संकट के प्रभावों की जानकारी दी जायेगी।
श्री मोदी इस स्थिति से निपटने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा उठाये जा रहे कदमों तथा भविष्य की तैयारियों पर भी चर्चा करेंगे। राज्यों को भी अपनी बात कहने तथा केन्द्र को अपनी समस्याओं से अवगत कराने का अवसर मिलेगा।
बैठक में राज्यों को अफवाहों से बचने तथा लोगों को जागरूक करने के बारे में भी कहा जायेगा। जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं उनसे केबिनेट सचिवालय के माध्यम से बातचीत की जायेगी।
उल्लेखनीय है कि श्री मोदी ने कोरोना महामारी के दौरान भी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ कई दौर की बातचीत की थी।
