लंदन, 03 जुलाई (वार्ता) भारत के ख़िलाफ़ आगामी वनडे सीरीज़ में जेकब बेथेल इंग्लैंड के लिए पारी की शुरुआत कर सकते हैं जिसे निकट भविष्य में बेथेल द्वारा टेस्ट में भी पारी की शुरुआत करने के संकेत के तौर पर भी देखा जा सकता है। भारत के ख़िलाफ़ वनडे सीरीज़ के लिए चयनित दल में जॉश टंग और जेम्स कोल्स को शामिल किया गया है जबकि साक़िब महमूद और गस एटकिंसन की वापसी हुई है।
पिछले साल की शुरुआत से लेकर अब तक 50 ओवर क्रिकेट में बेन डकेट के साथ चार अलग-अलग बल्लेबाज़ों ने पारी की शुरुआत की है। चैंपियंस ट्रॉफ़ी के बाद फ़िल सॉल्ट को बाहर कर दिया गया और उनकी जगह आए जेमी स्मिथ ने नौ पारियों में 26.11 की औसत से रन बनाए जिसके बाद उन्हें हटा दिया गया। जनवरी में श्रीलंका के ख़िलाफ़ हुई पिछली सीरीज़ में ज़ैक क्रॉली ने बतौर ओपनर एकमात्र पारी में छह रन बनाए थे और रेहान अहमद का उपयोग पिंच हिटर के तौर पर किया गया था।
क्रिकइंफो को पता चला है कि भारत के ख़िलाफ़ सीरीज़ में बेथेल डकेट के पांचवें सलामी जोड़ीदार बन सकते हैं। हालिया समय में बेथेल ने नंबर चार पर बल्लेबाज़ी की है। इससे पहले बेथेल इंग्लैंड अंडर-19 और इंग्लैंड लायंस के लिए 50 ओवर की क्रिकेट में पारी की शुरुआत कर चुके हैं और भविष्य में वह टेस्ट क्रिकेट में नंबर तीन की अपनी मौजूदा भूमिका से ऊपर बल्लेबाज़ी कर सकते हैं।
इंग्लैंड के बदले हुए बल्लेबाज़ी क्रम में जो रूट, हैरी ब्रूक और विकेटकीपर जॉस बटलर के नंबर तीन से नंबर पांच तक के क्रम में खेलने की उम्मीद है। जबकि टी 20 विश्व कप में अपनी सफलता के बाद विल जैक्स मध्य क्रम में बल्लेबाज़ी करना जारी रखेंगे। इसके बाद टीम को बतौर टीम बैंटन एक अतिरिक्त बल्लेबाज़ या एक अतिरिक्त गेंदबाज़ शामिल करने का फ़ैसला करना होगा।
जोफ़्रा आर्चर वनडे क्रिकेट में वापसी करेंगे, उन्हें श्रीलंका के ख़िलाफ़ जनवरी में हुई सीरीज़ से आराम दिया गया था। टंग और एटकिंसन की मौजूदगी से इंग्लैंड का तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण वैसा ही रहेगा जिसके साथ इंग्लैंड की टीम न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ टेस्ट सीरीज़ में उतरी थी।
इंग्लैंड के ख़िलाफ़ वनडे सीरीज़ के लिए भारत ने एक मज़बूत दल चुना है जिसमें रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह शामिल हैं। तीन मैचों की वनडे सीरीज़ 14 जुलाई को एजबस्टन में शुरू होगी, जबकि 16 जुलाई को दूसरा वनडे कार्डिफ़ और 19 जुलाई को तीसरा वनडे लॉर्ड्स में खेला जाएगा।
इंग्लैंड का दल: रेहान अहमद, जोफ़्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, जेकब बेथेल, हैरी ब्रूक (कप्तान), जॉस बटलर, जेम्स कोल्स, सैम करन, लियम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, साक़िब महमूद, आदिल रशीद, जो रूट, जॉश टंग
