मोदी शनिवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन

गौतमबुद्धनगर 26 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के प्रथम चरण का लोकार्पण करेंगे। करीब 11,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस महत्वाकांक्षी परियोजना से प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

ग्रेटर नोएडा जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण शुरू होने के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों को सीधी अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे न केवल यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि व्यापार, निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि यह एयरपोर्ट क्षेत्रीय विकास का बड़ा केंद्र बनेगा।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गौतमबुद्धनगर स्थित भाजपा कार्यालय पर पश्चिम उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया की अध्यक्षता में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनसभा के सफल आयोजन, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, मंच संचालन और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाएं और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और मानक के अनुरूप पूरी करने पर जोर दिया गया।

भाजपा नेताओं का कहना है कि यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से जनसभा को सफल बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल विकास परियोजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण है, बल्कि आगामी समय में क्षेत्र की राजनीतिक और आर्थिक दिशा तय करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

 

Next Post

जनता की हर समस्या का त्वरित समाधान करें अधिकारी: योगी

Thu Mar 26 , 2026
गोरखपुर, 26 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायत का त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने जनता को आश्वस्त करते […]

You May Like