खतरे में राहगीर, खुला नाला दे रहा हादसों को निमंत्रण

जबलपुर : मझौली नगर के कंटंगी रोड स्थित शनि मंदिर के पास स्थित खुला नाला अब स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए काल का ग्रास बनता जा रहा है। लंबे समय से इस नाले को ढकने की मांग की जा रही है, लेकिन नगर परिषद की कुंभकर्णी नींद टूटने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में यहाँ एक सब्जी व्यापारी बाल-बाल बच गया, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि जब ग्राम पंचायत लुहारी से हाट-बाजार की ओर जा रहे एक सब्जी व्यापारी की मोटरसाइकिल नाले के पास अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। गनीमत रही कि व्यापारी नाले के भीतर नहीं गिरा और समय रहते खुद को संभाल लिया, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि खुले नाले और खराब सड़क के कारण यहाँ आए दिन छोटे-मोटे हादसे होते रहते हैं।
इनका कहना है-
— ‘हम टैक्स भरते हैं लेकिन सुरक्षा के नाम पर हमें खुले नाले मिलते हैं। रात के अंधेरे में यहाँ से गुजरना मौत को गले लगाने जैसा है। क्या नगर परिषद किसी बड़ी मौत का इंतज़ार कर रही है?
— राजेश कुमार, स्थानीय निवासी।
–‘हाट-बाजार के दिन यहाँ भारी भीड़ रहती है। सब्जी के ठेले और बाइक वालों के लिए यह जगह बहुत संकरी हो जाती है। खुला नाला होने की वजह से हमेशा डर लगा रहता है कि कहीं कोई बच्चा या मवेशी इसमें न गिर जाए।
‘— मुन्ना लाल, सब्जी व्यापारी
–शिकायतें तो बहुत कीं, लेकिन सुनवाई शून्य है। शनि मंदिर के पास श्रद्धावश लोग आते हैं, लेकिन प्रशासन की लापरवाही ने इस धार्मिक स्थल के मार्ग को भी असुरक्षित बना दिया है।
‘— विमला देवी, राहगीर
नगर परिषद पर उठते सवाल
हाट-बाजार के लिए आने-जाने वाले सैकड़ों ग्रामीणों के लिए यह मुख्य मार्ग है। इसके बावजूद नाले को खुला छोड़ना नगर परिषद की घोर लापरवाही को दर्शाता है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नाले को ढका नहीं गया और सड़क की मरम्मत नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। क्षेत्र की जनता ने जिला प्रशासन और नगर परिषद के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस ‘डेथ ट्रैप (मौत के जाल) को तुरंत बंद किया जाए ताकि भविष्य में किसी निर्दोष की जान न जाए।

Next Post

बाईक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 10 बाईक जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

Thu Mar 26 , 2026
बैतूल। भैंसदेही पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए मोटर साईकिल चोरी के मामले का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे एवं निशानदेही से कुल 10 मोटर साईकिल (कीमत लगभग 05 लाख 30 हजार रुपये) बरामद की हैं। पुलिस से मिली […]

You May Like