दिल्ली मेट्रो ने सेंट्रल विस्टा परियोजना के बिजली सब स्टेशन का कार्य पूरा किया

नयी दिल्ली, 18 जनवरी (वार्ता) दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने हाल ही में केंद्र सरकार के ‘सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट’ के हिस्से के रूप में पार्क स्ट्रीट स्थित इलेक्ट्रिक रिसीविंग सब-स्टेशन (आरएसएस) के स्थानांतरण और पुनर्निर्माण का कार्य पूरा कर लिया है।

डीएमआरसी अधिकारियों ने रविवार को बताया इससे मुख्य मेट्रो कॉरिडोर को बिना रुकावट बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होती है और राजधानी में बनने वाली संरचना को मदद मिलेगी।

पार्क स्ट्रीट रिसीविंग सब-स्टेशन मूल रूप से 2010 में दिल्ली मेट्रो के फेज‑2 के दौरान डीएमआरसी एयरपोर्ट लाइन और लाइन‑6 (वायलेट लाइन) को विद्युत आपूर्ति के लिए बनाया गया था। वर्ष 2021-22 के दौरान सेंट्रल विस्टा परियोजना के निर्माण को आसान बनाने के लिए इस सुविधा को हटाया गया था।

सीपीडब्ल्यूडी की ओर से दी गयी दूसरी जमीन पर 2023 में एक नये रिसीविंग सब-स्टेशन का पुनर्निर्माण शुरू हुआ, जो दिसंबर 2025 में पूरा हो गया। इसमें इंद्रप्रस्थ से आर के आश्रम मार्ग तक की सेंट्रल-विस्टा मेट्रो लाइन की बिजली संबंधी जरूरतों का पूरा ध्यान रखा गया है।

यहां सभी प्रमुख मौजूदा विद्युत उपकरण फिर से लगाये गये और चालू किये गये हैं, जिसमें 66 केवी पावर ट्रांसफॉर्मर, 66 केवी जीआईएस पैनल, 33 केवी पैनल और 25 केवी जीआईएस पैनल शामिल हैं।

नया संयुक्त रिसीविंग सब-स्टेशन मेट्रो ट्रेनों और एयरपोर्ट लाइन, लाइन‑6 के स्टेशनों को बिजली आपूर्ति करेगा। इसके आगे फेज-5ए विस्तार परियोजना के तहत आगामी सेंट्रल विस्टा मेट्रो लाइन (इंद्रप्रस्थ से आर के आश्रम मार्ग) की ट्रैक्शन पॉवर जरूरतों के लिए इसे अतिरिक्त 25 केवी फीडर्स प्रदान किये गये हैं।

नई रिसीविंग सब-स्टेशन सुविधा को नवीनतम मानकों के अनुसार बनाया गया है। इसमें एक उन्नत उप-स्टेशन ऑटोमेशन सिस्टम, ऊर्जा-कुशल वीआरएफ (वेरिएबल रेफ्रिजरेंट फ्लो) एयर-कंडीशनिंग और एलईडी लाइटिंग शामिल है। आधुनिक सुरक्षा उपायों में ट्रांसफॉर्मर संरक्षण के लिए स्वचालित अग्नि संरक्षण प्रणाली और विद्युत पैनल शामिल हैं। इसमें ऑपरेशनल विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए एक पूरी तरह से एड्रेसेबल फायर अलार्म सिस्टम शामिल है।

नये रिसीविंग सब-स्टेशन को पर्यावरण-अनुकूल भवन अनुपालन मानकों के अनुसार तैयार किया गया है और इसके प्रमाणन के लिए आवेदन किया गया है। इसके अलावा परिचालनों की स्थिरता को और बढ़ाने तथा कॉर्बन फुटप्रिंट को कम करने के लिए एक सोलर रूफटॉप पावर सिस्टम की योजना बनायी गयी है।

 

Next Post

डिग्री कॉलेज बैढ़न के अतिथि विद्वान पर छात्रा की शिकायत, महिला थाना में अपराध दर्ज

Sun Jan 18 , 2026
सिंगरौली। डिग्री कॉलेज बैढ़न में पदस्थ एक अतिथि विद्वान के विरुद्ध एमएससी थर्ड सेमेस्टर की एक छात्रा की शिकायत पर महिला थाना बैढ़न में मामला दर्ज किया गया है। छात्रा द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। […]

You May Like