अफवाह से मची अफरा-तफरी: पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें

इंदौर। पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों ने अचानक हालात बिगाड़ दिए। सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों के कारण लोगों में घबराहट फैल गई, जिसके चलते पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

इंदौर शहर में मंगलवार शाम से बुधवार तक कई स्थानों पर पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग अपने वाहनों में जल्द से जल्द ईंधन भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचने लगे, जिससे कुछ जगहों पर अस्थायी अव्यवस्था की स्थिति बन गई।

हालांकि, जिला प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों ने स्पष्ट किया है कि कहीं भी पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सामान्य रूप से ही ईंधन भरवाएं।

खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक एम. एल. मारू ने बताया कि इंदौर में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारू बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई पेट्रोल पंप संचालक पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद किसी भी कारण से पंप बंद करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हालात यह है जिस जीपीओ स्थित बत्रा पेट्रोल पंप पर 4000 लीटर रोज की खपत थी वहां 12000 लीटर की खपत हो गई जिसके कारण यहां भी लोगों में सैनिक की स्थिति बनी खपत के हिसाब से टैंकर आने जाने समय के कारण लोगों में अफवाह की स्थिति बन रही है जिसे लेकर भी जिला प्रशासन सचेत है

इसी क्रम में बुधवार शाम कनाडिया क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर हल्का विवाद होने के बाद संचालक ने पंप बंद कर दिया था। सूचना मिलते ही खाद्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत पंप को दोबारा खुलवाया। साथ ही संचालक को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी विवाद की स्थिति में पुलिस की सहायता लें, लेकिन पंप बंद न करें।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि शहर में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक है. जो लोग सोशल मीडिया पर किल्लत की झूठी खबरें फैला रहे हैं, उन्हें हम चिन्हित कर रहे हैं. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जनता से अपील है कि वे ऐसी खबरों पर भरोसा न करें और न ही इन्हें आगे बढ़ाएं.

Next Post

सीएम डॉ यादव कल छिंदवाड़ा और पांढुर्णा को देंगे विकास कार्यों की सौगात

Wed Mar 25 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को छिंदवाड़ा और नये जिले पांढुर्णा को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोनों जिलों में विकास को और अधिक गति देने के लिये विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 26 मार्च 2026 को पुलिस ग्राउंड, […]

You May Like