‘रूस ईरान को खुफिया जानकारी साझा कर रहा है : ज़ेलेंस्की

कीव, 24 मार्च (वार्ता) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि उनके पास “पुख्ता सबूत” हैं कि रूस ईरान को खुफिया जानकारी उपलब्ध करा रहा है।

यह दावा यूक्रेन की सैन्य खुफिया एजेंसी (एचयूआर) के प्रमुख ओलेह इवाशचेंको के साथ बैठक के बाद किया गया, जिसमें श्री ज़ेलेंस्की ने प्रस्तुत मूल्यांकन की समीक्षा की।

श्री ज़ेलेंस्की ने टेलीग्राम पर पोस्ट में चर्चा का सार देते हुए कहा, “रूस अपनी रेडियो-तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक खुफिया क्षमताओं का उपयोग कर रहा है, साथ ही मध्य पूर्व के भागीदारों से प्राप्त कुछ खुफिया जानकारी भी साझा कर रहा है।” इन आरोपों पर रूस या ईरान की ओर से अभी कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई है।

श्री ज़ेलेंस्की का बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ रहा है और अमेरिका-इज़राइल बनाम ईरान के बीच चल रहे संघर्ष का चौथा सप्ताह जारी है।

हाल के वर्षों में रूस और ईरान के बीच संबंध मजबूत हुए हैं, खासकर यूक्रेन में रूस के युद्ध के दौरान, जब ईरान ने रूसी सेनाओं को ड्रोन और अन्य सैन्य उपकरण उपलब्ध कराए हैं।

हालिया मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रूस ने प्रस्ताव दिया था कि यदि अमेरिका यूक्रेन को खुफिया सहायता रोक दे तो वह ईरान के साथ खुफिया जानकारी साझा करना बंद कर देगा, लेकिन वॉशिंगटन ने इस सुझाव को ठुकरा दिया है।

श्री ज़ेलेंस्की ने यह भी कहा कि यूक्रेन के पास “स्पष्ट जानकारी” है कि रूसी-कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्रों और बेलारूस में रूस लंबी दूरी के ड्रोन के लिए अतिरिक्त ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन तैनात करने की योजना बना रहा है।

उन्होंने कहा कि पश्चिमी सहयोगियों को इन निष्कर्षों की जानकारी दी जाएगी।

 

Next Post

टाटा पावर के मुंद्रा संयंत्र से फिर शुरू होगी बिजली आपूर्ति, गुजरात ऊर्जा विकास निगम के साथ समझौता

Tue Mar 24 , 2026
नयी दिल्ली, 24 मार्च (वार्ता) गुजरात के मुंद्रा स्थित टाटा पावर संयंत्र में बिजली उत्पादन फिर शुरू होगा। कंपनी ने राज्य सरकार के गुजरात ऊर्जा विकास निगम (जीयूवीएनएल) के साथ पूरक ऊर्जा खरीद समझौता किया है। टाटा पावर ने मंगलवार को शेयर बाजारों को बताया कि कंपनी ने जीयूवीएनएल के […]

You May Like