उज्जैन: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच सड़क निर्माण कार्यों की गति और गुणवत्ता को लेकर सख्ती दिखाई जा रही है. सोमवार को संभागायुक्त एवं मेला अधिकारी आशीष सिंह ने दताना से पाइप फैक्ट्री तक बन रहे फोरलेन मार्ग सहित कई निर्माण कार्यों का जायजा लिया.संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने सिंहस्थ के निर्माण कार्य की धीमी गति और परीक्षण प्रयोगशाला में कैलिब्रेशन सर्टिफिकेट नहीं मिलने पर निर्माण एजेंसी बिंदल कांट्रेक्टर एंड डेवलपर्स पर 5 लाख रुपए की पेनल्टी लगाई.
प्रयोगशाला में प्रमाण पत्र नहीं
दताना से पाइप फैक्ट्री तक लगभग 8.8 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग का निर्माण किया जा रहा है. निर्माण सामग्री की जांच के लिए बनाई गई प्रयोगशाला में जरूरी प्रमाण पत्र नहीं मिलने पर नाराजगी जताई गई. निर्माण कार्य में उपयोग हो रही सामग्री की जांच नियमित रूप से कराने और रिपोर्ट रोज अपडेट करने की बात कही गई, ताकि गुणवत्ता से समझौता न हो और काम तय समय में पूरा हो सके.
मजदूरों की संख्या कम
दताना क्षेत्र में मजदूरों की संख्या कम होने से काम की रफ्तार धीमी पाई गई. इसी कारण संबंधित एजेंसी पर आर्थिक कार्रवाई की बात सामने आई. निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और समय सीमा का पालन करने पर जोर दिया गया.
नवरात्रि में श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो
हामूखेड़ी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया गया. यहां करीब 900 मीटर सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है. दोनों ओर लगभग 200 मीटर तक सीवेज लाइन और पानी की पाइप लाइन का काम पूरा हो चुका है तथा नल कनेक्शन भी दिए जा चुके हैं. बिजासन माता मंदिर के कारण नवरात्रि में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका ध्यान रखते हुए काम करने की बात कही गई. इस कार्य को नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
2700 मीटर सड़क चौड़ीकरण
नानाखेड़ा गेल चौराहे से नीलगंगा चौराहे तक करीब 2700 मीटर सड़क चौड़ीकरण का काम भी जारी है. बारिश शुरू होने से पहले करीब 1150 मीटर हिस्से को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. यहां सीवेज लाइन, नाली निर्माण, विद्युत पोल और पेयजल पाइप लाइन का काम चल रहा है.
रोज करेंगे सिंहस्थ भ्रमण
सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह द्वारा कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों की प्रगति देखने के लिए अब रोज सुबह 10 बजे अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण करने की व्यवस्था बनाई जा रही है, ताकि काम समय पर पूरा हो सके और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें
