सतना: मैहर में चैत्र नवरात्रि के मौके पर मां शारदा देवी के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। नवरात्रि के चौथे दिन यानी रविवार को डेढ़ लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेका। इतनी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के कड़े इंतजाम किए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार चैत्र नवरात्रि के चतुर्थ दिवस पर रात के साढ़े 9 बजे तक एक लाख 53 हजार 505 श्रद्धालुओं ने मां शारदा के दर्शन किये। रविवार को पैदल मार्ग द्वारा 145531 भक्त मंदिर तक पहुंचे। इसी कड़ी में वैन मार्ग के माध्यम से 1974 श्रद्धालुओं ने मंदिर में मत्था टेका। इसके अलावा रोपवे मार्ग द्वारा 6000 श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।इस लिहाज से रात के 9 बजे के बाद तक मैहर मंदिर में पहुंचने वाले दर्शनार्थियों की कुल संख्या 153505 तक पहुंच चुकी थी।
अलर्ट पर प्रशासन
चैत्र नवरात्र के अवसर पर मंदिर को आकर्षक लाइटिंग कर सजाया गया है। त्रिकूट पर्वत पर स्थित इस मंदिर में भक्तों की लगातार भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सीढ़ी मार्ग से लेकर रोपवे तक हर जगह व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है ताकि देशभर से आए श्रद्धालुओं को दर्शन करने में कोई परेशानी न हो और वे शांति से पूजा-अर्चना कर सकें।
