इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र की पैराडाइज कॉलोनी में एक युवक की बेरहमी सामने आई है, जहां उसने एक मासूम श्वान के बच्चे को लाठी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. घटना 19 मार्च की रात की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद मामला उजागर हुआ.पीपुल्स फॉर एनिमल्स की प्रियांशु जैन ने बताया कि सड़क पर घूम रहा श्वान जैसे ही युवक के पास पहुंचा, उसने बिना किसी उकसावे के उस पर लाठी से हमला कर दिया.
वार इतना जोरदार था कि श्वान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मामले में आरोपी की पहचान मुकेश कुमावत के रूप में हुई है. पीपुल्स फॉर एनिमल्स (पीएफए) की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है. आरोपी फिलहाल फरार है, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरे युवक की पहचान की जा रही है. थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
