जबलपुर:चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर तीसरे दिन त्रिपुर सुंदरी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं, जहां दर्शन के लिए लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। हर ओर “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। लाल झंडों, रंग-बिरंगी फूलों की झालरों और मधुर भक्ति संगीत ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया है। श्रद्धालु पूजा सामग्री, नारियल और चुनरी लेकर मां के दरबार में अपनी आस्था अर्पित करते नजर आए।
भीड़ को व्यवस्थित रखने किए इंतजाम धार्मिक मान्यता है कि मां त्रिपुर सुंदरी के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है। चैत्र और शारदीय नवरात्रि में यहां पूजा का विशेष महत्व होता है। खासकर तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की आराधना करने से भय, संकट और नकारात्मक शक्तियों से मुक्ति मिलती है। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग और पुलिस बल तैनात किया गया है। आने वाले दिनों में भक्तों की संख्या और बढ़ने की संभावना है, जिससे मंदिर परिसर में और अधिक रौनक देखने को मिलेगी।
