
भोपाल। लोकायुक्त पुलिस ने झाबुआ जिले में रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी के पति को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त संगठन के अनुसार महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और डीआईजी मनोज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में इंदौर लोकायुक्त इकाई ने यह कार्रवाई की।
शिकायतकर्ता कमल सिंह ठाकुर, जो शासकीय आयुर्वेद औषधालय पेटलावद से सेवानिवृत्त कम्पाउण्डर हैं, ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पेंशन, ग्रेज्यूटी, अर्जित अवकाश एवं समयमान वेतनमान के प्रकरण तैयार करने और राशि निकलवाने के एवज में 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
जांच में शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप दल का गठन किया गया। आरोप है कि जिला आयुष कार्यालय झाबुआ में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 रत्नाप्रेम पंवार ने रिश्वत राशि लेने के लिए अपने पति नरेन्द्र पंवार को भेजा।
लोकायुक्त टीम ने राजगढ़ चौराहा झाबुआ पर नरेन्द्र पंवार को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय में करें।
