इंदौर:राहुल गांधी नगर क्षेत्र में बाइक ठेले से टकराने की मामूली बात पर विवाद बढ़ गया, जहां दो युवकों ने मिलकर एक युवक के साथ मारपीट कर दी. आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से हमला करने के साथ कड़े से वार कर उसे घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए.थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि घटना भोलेनाथ मंदिर के पास की है. फरियादी अपने वाहन से वहां पहुंचा था, तभी उसकी मोटरसाइकिल मोहल्ले में रहने वाले सागर अंजले और शिवा अंजले के ठेले से टकरा गई.
इसी बात को लेकर दोनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे. फरियादी द्वारा विरोध करने पर सागर और शिवा अंजले ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान सागर अंजले ने अपने हाथ में पहने कड़े से फरियादी के सिर, कान और बाएं हाथ पर वार किया, जिससे उसे चोट आई और खून निकलने लगा. घटना के दौरान फरियादी के पिता जगदीश सावले ने बीच-बचाव कर उसे आरोपियों से छुड़ाया. घटना को आसपास मौजूद लोगों ने भी देखा. मारपीट के बाद दोनों आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए कि दोबारा उलझने पर जान से खत्म कर देंगे. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
