नयी दिल्ली, 17 मार्च (वार्ता) रेनो इंडिया ने मंगलवार को देश में नये रेनो डस्टर को बाजार में पेश करने की घोषणा की जिसकी कीमत 10.49 लाख रुपये से शुरू हो रही है।
फ्रांसीसी कार निर्माता कंपनी रेनो समूह की कंपनी ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि रेनो डस्टर के टर्बो मॉडल की दिल्ली में एक्स शो-रूम कीमत 10.49 लाख रुपये होगी। कंपनी ने बताया कि इसे भारतीय सड़कों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
टर्बो टीसीई 100 को तीन संस्करणों ऑथेंटिक, इवॉल्यूशन और टेक्नो में पेश किया गया है। इनकी कीमत 10.49 लाख रुपये से 13.49 लाख रुपये तक है।
टर्बो टीसीई 160 को चार संस्करणों इवॉल्यूशन, टेक्नो, टेक्नो प्लस और आईकॉनिक में पेश किया गया है। इनकी कीमत 12.99 लाख रुपये से 16.99 लाख रुपये तक है।
टर्बो टीसीई 160 डीसीटी को भी इन्हीं चार संस्करणों में 14.49 लाख रुपये से 18.49 लाख रुपये की रेंज में बाजार में उतारा गया है।
सभी संस्करणों के लिए 31 मार्च तक खरीदने पर 20 हजार रुपये से 40 हजार रुपये तक की विशेष छूट की घोषणा की गयी है।
कंपनी ने बताया है कि नये डस्टर की लंबाई 4.346 मीटर, चौड़ाई 1.815 मीटर और ऊंचाई 1.701 मीटर है। जमीन से क्लियरेंस 21.2 सेंटीमीटर है। ईंधन टैंक की क्षमता 50 लीटर है।
