ग्वालियर: एक वाइन शॉप के बाहर आधी रात के बाद जोरदार हंगामा हो गया. दुकान बंद होने के बाद शराब न देने पर कुछ लोगों ने वाइन शॉप में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट की. ये पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई. पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की है, लेकिन अभी आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है.घटना जनकगंज इलाके की है. सरकारी नियमों के अनुसार रात 11 बजे दुकान बंद कर दी गई थी. कर्मचारी बाहर खड़े होकर घर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी कुछ लोग पहुंचे और शराब देने की मांग करने लगे. पीड़ित राजा शिवहरे के अनुसार, उन्होंने साफ कहा कि 11 बजे के बाद शराब बेचना नियम के खिलाफ है. यह सुनते ही युवक गाली-गलौज पर उतर आए और थोड़ी ही देर में डंडे लेकर वापस आए.
कर्मचारियों पर डंडों से हमला
आरोपियों ने दुकान में घुसकर कर्मचारियों पर डंडों से हमला किया. मारपीट में कर्मचारी घायल हो गए. इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले. पूरी वारदात सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हो गई. वीडियो के आधार पर पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है.
