
नीमच। जिले के जावद नगर की पुरानी धानमंडी में एक अलग ही नजारा देखने मिल रहा है। यहां शादी योग्य युवतियों की भीड़ है। ये वे लोग हैं जो चाहते हैं कि उनकी शादी जल्द से जल्द हो जाएं। यहां आए हजारों विवाह योग्य युवक-युवतियों के आने की एक खास वजह भी है। दरअसल, पुरानी धानमंडी में बिल्लम बावजी के दरबार है। ऐसी मान्यता है कि यहां शादी मन्नत मांगने वालों की शादी जल्दी हो जाती है। लोगों के आने का सिलसिला सुबह से जारी है। यहां वे लोग भी आ रहे हैं जिन्होंने बीते साल मन्नत मांगी, और उनकी शादी हो गई।
सुबह चार बजे से लगी कतार
सोमवार को तडक़े सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। पूरे दिन धानमंडी और सर्राफा बाजार क्षेत्र में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु कतार में खड़े होकर श्रद्धा और विश्वास के साथ बिल्लम बावजी के दर्शन करते दिखे। कई श्रद्धालु अपने परिवारजनों के साथ यहां पहुंचे और पूजा-अर्चना कर मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।
क्या है मान्यता
बिल्लम बावजी के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मन्नत मांगने पर शीघ्र विवाह के योग बनते हैं। यही कारण है कि बड़ी संख्या में युवक-युवतियां यहां आकर अपनी मनोकामना व्यक्त करती हैं। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु अपने जीवनसाथी के साथ दोबारा यहां आकर बावजी के दर्शन कर आभार व्यक्त करते हैं। परंपरा के अनुसार, बिल्लम बावजी की स्थापना रंग पंचमी के दिन की जाती है। रंग तेरस के दिन उन्हें नगर भ्रमण के बाद पुन: निर्धारित स्थान पर विराजित किया जाता है।
क्या कहते हैं लोग
नवविवाहित दंपत्ति विनायक चौबे (गुनेल), विक्रम मेनारिया (राजस्थान) और योगेश गोस्वामी ने बताया कि वे लंबे समय से विवाह को लेकर चिंतित थे। पिछले वर्ष उन्होंने बिल्लम बावजी के दरबार में शीघ्र विवाह की मन्नत मांगी थी, जो अब पूरी हो गई है। वे अपने जीवनसाथी के साथ यहां दर्शन करने पहुंचे हैं।
व्यापारी अशोक अग्रवाल, नरेंद्र सोलीवाल, नवीन पुरोहित, रिंकू गोयल और पीयूष सोलीवाल ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। दूर-दराज के जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी युवक-युवतियां यहां विवाह की मन्नत मांगने पहुंच रहे हैं।
