
छतरपुर। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार सघन पेट्रोलिंग और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीमों ने जिले के पूर्व में चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद किया और उन्हें चोरी व अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। नागरिकों को अपने घर, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई। पुलिस ने लोगों से कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शीत ऋतु के दौरान आपराधिक प्रवृत्ति के लोग मौके की तलाश में रहते हैं। ऐसे में घर खाली छोड़कर बाहर जाने से बचें और यदि जाना आवश्यक हो तो पहले पुलिस को सूचित करें। साथ ही कीमती सामान को सुरक्षित स्थान पर रखने और स्वयं की निगरानी में रखने की सलाह दी गई।
छतरपुर पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल छतरपुर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7049101021, डायल 112 या नजदीकी थाना से संपर्क करें।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने जिले के सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख मार्गों और हाईवे पर भी नियमित पेट्रोलिंग की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण के लिए आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
