बैतूल: शिवपुरी में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में बैतूल जिले के अधिवक्ता सोमवार को कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे। मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के आह्वान पर जिला बार एसोसिएशन बैतूल ने हड़ताल का समर्थन किया है।जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अशोक वर्मा ने बताया कि शिवपुरी जिले के करैरा में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में आक्रोश है। अधिवक्ताओं का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों के बावजूद अब तक अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू नहीं किया गया है।
परिषद ने 16 फरवरी को पूरे प्रदेश में ‘प्रतिवाद दिवस’ मनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत अधिवक्ताओं से न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर सुरक्षा संबंधी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया गया है।हड़ताल के चलते बैतूल जिला न्यायालय सहित सभी तहसील न्यायालयों में नियमित कामकाज प्रभावित रहेगा। अधिवक्ताओं की अनुपस्थिति के कारण मामलों की सुनवाई नहीं हो सकेगी और पक्षकारों को अगली तारीख दी जा सकती है।
अधिवक्ताओं ने राज्य सरकार से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाएगी, तब तक इस प्रकार की घटनाएं न्याय व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनी रहेंगी।उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व डबरा में जमीन विवाद के चलते अधिवक्ता चंद्रभान मीणा पर जानलेवा हमला हुआ था, जिनकी बाद में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। इन घटनाओं ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
