वैभव के शिखर पर खड़ी भाजपा की जड़ें हैं पुराने कार्यकर्ता: धीरज पाटेरिया

भौंरा: संगठन की जड़ों को सींचने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान का सिलसिला जारी है। बुधवार को धीरज पाटेरिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा, माता मोहल्ला स्थित मिश्रा निवास पहुंचे और जनसंघ काल से सक्रिय वरिष्ठ कार्यकर्ता केशव नारायण मिश्रा का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पं. पाटेरिया ने श्री मिश्रा को रजत पत्र भेंट करते हुए शॉल एवं श्रीफल प्रदान किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

आत्मीय वातावरण में आयोजित इस सम्मान समारोह में संगठन के पुराने संघर्षपूर्ण दिनों की स्मृतियां भी साझा की गईं। पं. पाटेरिया ने कहा कि आज भाजपा जिस वैभव शिखर पर खड़ी है, उसकी वास्तविक शक्ति वे तपस्वी कार्यकर्ता हैं जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन को मजबूती प्रदान की।अटल बिहारी वाजपेयी जैसे शीर्ष नेतृत्व के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाले इन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की तपस्या, त्याग और संघर्ष ही संगठन की आधारशिला है। संगठन अपने मूल्यों और सिद्धांतों पर इसलिए अडिग है क्योंकि केशव नारायण मिश्रा जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं ने इसे अपने श्रम और समर्पण से सींचा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर-घर जाकर उनका सम्मान किया जा रहा है, ताकि उनके अनुभवों और संघर्ष की गाथा को सहेजा जा सके तथा नई पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके। पं. पाटेरिया ने उल्लेख किया कि श्री मिश्रा ने संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन समर्पित कार्यकर्ता के रूप में किया है, जिसके लिए उन्हें अटल कार्यकर्ता सम्मान से अलंकृत किया गया।
सम्मान के उपरांत केशव नारायण मिश्रा ने भावुक शब्दों में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जनसंघ के समय संसाधन सीमित थे, लेकिन कार्यकर्ताओं का उत्साह और राष्ट्रसेवा का संकल्प अटूट था। हमने संगठन को परिवार मानकर काम किया।

उस दौर में पद की अपेक्षा विचार और राष्ट्रहित सर्वोपरि थे। आज संगठन को इस ऊंचाई पर देखकर संतोष और गर्व दोनों की अनुभूति होती है। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे संगठन की मूल विचारधारा, अनुशासन और सेवा भाव को आत्मसात करें। संघर्ष के दिनों की स्मृतियां ही हमें मजबूती देती हैं। यदि कार्यकर्ता समर्पण और सिद्धांतों पर अडिग रहें, तो संगठन निरंतर प्रगति करता रहेगा।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेता के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

Next Post

कार को बनाया निशाना: बाइक सवार बदमाशों ने की तोड़फोड़, फिर लगाई आग

Thu Feb 26 , 2026
ग्वालियर: गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित पटरी रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक खड़ी कार में आग लगा दी। आग लगाने से पहले बदमाशों ने कार की जमकर तोड़फोड़ भी की। फरियादी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद […]

You May Like

मनोरंजन