
बैतूल। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए और इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समयसीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए उद्यानिकी, सहकारिता, लोक निर्माण, स्कूल शिक्षा, जल संसाधन तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही अन्य विभागों से भी प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समयसीमा में हल करने को कहा।
बैठक में राजस्व प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में आयोजित होने वाले विक्रमोत्सव की तैयारियां भी समय पर पूरी करने को कहा।
एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य और स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि पात्र बालिकाओं तथा उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित हो सके। इस कार्य में महिला एवं बाल विकास विभाग को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षत जैन ने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन और मातृ मृत्यु के मामलों की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रक्त आधान और आयरन पूरकता जैसे मानकों पर भी प्रगति लाने पर जोर दिया। संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
