इंदौर: शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है. अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने तीन युवकों को धारदार हथियारों के साथ पकड़कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं.एमआईजी थाना क्षेत्र में एलआईजी कॉलोनी मेन रोड स्थित एलआईजी कंपाउंड के पास पुलिस ने विकास पिपल्दे उम्र 25 साल निवासी स्कीम नंबर 134 को पकड़ा. तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लोहे का अवैध तेजधार खटकेदार चाकू बरामद हुआ.
वहीं कनाड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए आरोपियों से अवैध हथियार जब्त किए. के-02 ढाबा के पास बिचौली मर्दाना क्षेत्र से अभिषेक कनारे उम्र 18 साल निवासी रविदास नगर फिनिक्स टाउनशिप लसूड़िया को पकड़ा, जिसके पास से स्टील की गुप्ती बरामद हुई. गुप्ती के फल पर अंग्रेजी में बैटन (एक्स) स्वॉर्ड लिखा हुआ है और उसे कवर से निकालने के लिए बटन लगा हुआ है. इसी क्षेत्र में स्नेहजीव गार्डन के आगे भेरूबाबा मंदिर के पास पुलिस ने एक 17 वर्षीय बाल अपचारी को पकड़ा. तलाशी में उसके पास से लोहे का तेजधार चाकू बरामद किया. पुलिस ने तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
