भोपाल। भीषण गर्मी के बीच कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में पहुंचे लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ा. एसी सभाकक्ष में अधिकारियों ने शिकायतें सुनीं, जबकि बाहर इंतजार कर रहे लोगों को न ठंडा पानी मिला और न ही गर्मी से राहत के इंतजाम. जनसुनवाई मेंं इस बार 207 आवेदक पहुंचे. इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी कलेक्टर सभाकक्ष में एसी में सुनवाई करते रहे. लेकिन जनता जो वहां पर अपनी समस्या लेकर आई थी उनको पीने का पानी भी नसीब नहीं हुआ. सभाकक्ष के बाहर गली में लगे वाटर कूलर से गर्म पानी निकल रहा था, जो पीने लायक नहीं था. जिन लोगों ने पीने के लिए वाटर कूलर से बोतल में पानी भरा,वो गर्म निकल रहा था. ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी में प्यासे ही जनसुनवाई में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा. वहीं सभाकक्ष के बाहर गली में ना तो पंखा है और ना ही जनता के लिए कोई कूलर लगाया है. जबकि वहां पर बैठने के लिए कुर्सियों लगी हुई हैं. लेकिन जनसुनवाई के अलावा भी प्रतिदिन पहुंचने वाली जनता को गर्मी और लू के बीच ही वहां पर अपने कार्य के लिए इंतजार करना पड़ता है. वहीं कलेक्टर, एडीएम, एसडीएम प्रशासन के अन्य अधिकारी कलेक्ट्रेट के सभागार में जनसुनवाई करते रहे. दोपहर करीब 2 बजे एडीएम अंक़ुर मेश्राम सभाकक्ष से जनसुनवाई के बाद बाहर निकले तो लोगों ने उन्हें पीने का ठंडा पानी नहीं होने और पंखे नहीं लगे होने से गर्मी में परेशान होने की पीड़ा बताई. इस पर एडीएम मेश्राम ने संबंधित अधिकारी से बात करके समस्या का निराकरण कराने का आश्वासन दिया. जनसुनवाई में अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली. अमूमन हर जनसुनवाई में 150 से लेकर 170 तक शिकायती आवेदन आते हैं, लेकिन इस बार 207 लोगों ने आवेदन देकर अपनी-अपनी समस्याएं बताई.
