
भोपाल। शहर में एक बदमाश के घर पर दूसरे गुट के बदमाश ने अपने साथियों के साथ फायरिंग कर दी. शनिवार को हुई गोलीबारी में एक युवक के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया. इतना ही नहीं फायरिंग करने वाले बदमाशों को पुलिस का खौफ भी नहीं दिखा और हमीदिया अस्पताल में घायल के इलाज कराने पहुंचने पर वहां भी फायरिंग की गई. मौके से फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस जुट गई है.
जानकारी के मुताबिक अशोका गार्डन में कुख्यात बदमाश लल्लू रईस अपने परिवार के साथ रहता है. शनिवार को सुबह लल्लू रईस के घर पर शादाब गेट ने अपने गिरोह के साथ फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान लल्लू रईस के बेटे इमरान के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया. इमरान को इलाज के लिए जब हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, तो बदमाशों ने वहां पहुंचकर भी फायरिंग करनी शुरू कर दी. अस्पताल में गोलीबारी चलने की सूचना पर अब कोहेफिजा और अशोका गार्डन थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. फरार बदमाश शादाब गेट और गिरोह के बदमाशों की तलाश की जा रही है.
बताया जा रहा है कि लल्लू रईस और शादाब गेट के परिवारों के बीच पुरानी आपसी रंजिश है. शनिवार को सुबह जब ललू रईस का बेटा इमरान बाहर से घूमते हुए अपने घर पहुंचा. इसी दौरान शादाब गेट अपने गिरोह के शावर उर्फ गुड्डू स्टेशन,अल्लू परवेज सहित करीब 8 लोगों के साथ इमरान पर फायरिंग कर दी. फायरिंग के दौरान इमरान के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया. इमरान के घर वाले जब उसे लेकर हमीदिया अस्पताल पहुंचे तो शादाब और उसके साथी वहां भी पहुंच गए. अस्पताल में फायरिंग होने से भी परिसर में हडकंप की स्थिति बन गई. घटना की सूचना पर कोहेफिजा थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. जानकारी यह सामने आई है कि करीब दो साल पहले इमरान ने शादाब गेट के भाई पर हमला किया था. इस हमले में शादाब के भाई की उंगलियां कट गई थीं. इस घटना का बदला लेने के इरादे से शादाब ने इमरान पर जानलेवा हमला करते हुए फायिरंग की. मामले की सूचना पर अब दोनों थानों की पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.
