
भिंड। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भिंड जिले में भी दिखाई देने रहा है। तेल कंपनियों द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई रोक दिए जाने से जिले में होटल, रेस्टोरेंट और छोटे-बड़े व्यवसाय प्रभावित हुए हैं। जिले की सभी गैस एजेंसियों पर कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं हो रही है, घरेलू सिलेंडर के लिए भी एजेंसियों पर लोगों की भीड़ लगी है।
जिले में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद है। इससे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कारोबारियों का कहना है कि यदि जल्द ही सप्लाई बहाल नहीं हुई तो उन्हें अपना काम बंद करने की नौबत आ सकती है, जिससे व्यवसाय पर सीधा असर पड़ेगा।
कमर्शियल गैस बंद होने के बीच प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कनेक्शनों के नाम पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के नाम से सिलेंडर बुक कराकर उन्हें बाजार में अधिक दामों पर बेच रहे हैं। इसके चलते एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग अचानक बढ़ गई है।
