यरूशलम, 06 मार्च (वार्ता) इजरायल ने शुक्रवार को बेरूत में हिजबुल्ला के ठिकानों पर हवाई हमले किए, जिसमें कमांड सेंटर और 10 बहुमंजिला इमारतों को निशाना बनाया गया है।
इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) के एक बयान के अनुसार, ये हमले बेरूत के उपनगरीय इलाके दाहिएह में किए गए। यहां हिजबुल्ला के एक कार्यकारी परिषद कमांड सेंटर और ड्रोन भंडारण सुविधा को नष्ट कर दिया गया, जिनका उपयोग इजरायल पर हमले करने के लिए किया जा रहा था।
आईडीएफ ने कहा कि हमलों से पहले एहतियाती कदम उठाए गए थे, जिनमें नागरिकों को चेतावनी देना, सटीक हथियारों का उपयोग और हवाई निगरानी शामिल थी। रिपोर्टों के अनुसार, दक्षिणी बेरूत में हिजबुल्ला का गढ़ माने जाने वाले दाहिएह पर अब तक 26 बार इजरायली हवाई हमले किये जा चुके हैं।
