जबलपुर: जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारी के तहत जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण ई-दक्ष केन्द्र, तहसील कार्यालय, जबलपुर में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश, भोपाल से मनोज नाथानी एवं सुश्री श्रुति पाटीदार प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिभागियों को जिला जनगणना पुस्तिका तथा सेंसस पोर्टल पर हेंड्स-ऑन अभ्यास कराया। सभी प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण और गणना के फील्ड कार्य के लिए आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया प्रशिक्षण
कार्यक्रम में ऋषभ जैन, संयुक्त कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी, बलवंत सिंह राहंगडाले, संयुक्त संचालक एवं अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, समस्त राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, चार्ज जनगणना अधिकारी और ग्रामीण जनगणना कर्मचारी उपस्थित रहे।
