इंदौर:सांवेर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर ग्राम कजलाना निवासी लीलाधर के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.थाना प्रभारी विजयशंकर महोबिया ने बताया कि प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खंड, सांवेर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई.
न्यायालय में लंबित एक प्रकरण के दौरान लीलाधर को सुपुर्दगी पर दो सीलिंग फैन और एक हीरो होंडा सीडी डॉन बाइक एमपी-09-एलबी-3772 दी गई थी, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय में पेश करना था. आरोप है कि कई बार नोटिस भेजने के बावजूद आरोपी ने सुपुर्दगी पर मिली सामग्री या उसकी कीमत न्यायालय में प्रस्तुत नहीं की. इस पर न्यायालय के निर्देश के बाद सांवेर पुलिस ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
