इंदौर: नगर निगम आयुक्त ने आज बीआरटीएस सड़क से बस स्टॉप और रैलिंग हटाने के कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क से रेलिंग व बस स्टॉप हटाने का कार्य सावधानी से करते हुए समय सीमा में काम खत्म किया जाए.निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने नवलखा चौराहा से विजय नगर चौराहा तक पूरे बीआरटीएस सड़क का निरीक्षण किया. निरीक्षण में उन्होंने 11.5 कि.मी में लंबे बीआरटीएस सड़क के बस स्टॉप व रेलिंग हटाने की अपर आयुक्त से जानकारी मांगी.
आयुक्त को बताया गया कि शिवाजी वाटिका से नवलखा तक लगभग 1.80 किलोमीटर में दोनों तरफ की रेलिंग हटाकर पेचवर्क किया गया है. एलआईजी से एमआर-9 चौराहे तक लगभग 950 मीटर की रेलिंग हटाई गई है. एमआर 9 से विजय नगर चौराहे तक लगभग 900 मीटर रेलिंग हटाने का काम चल रहा है. मातहत अधिकारियों ने बताया कि राजीव गांधी चौराहे से भंवर कुआं तक 3 बस स्टॉप हटा दिए है. भंवरकुआं फ्लाईओवर से लेकर जीपीओ चौराहे तक 4 बस स्टॉप हटाने का कार्य चल रहा है. साथ ही निगम ने 800 मीटर में अस्थाई डिवाइडर बनाकर रखे हैं.
डिवाइडर बनाने का चल रहा कार्य
निरीक्षण के दौरान बताया कि बीआरटीएस के रसोमा से एमआर 09 चौराहा के बीच स्थाई डिवाईडर का बनाने का कार्य चल रहा है. सड़क की शेष रैलिंग का उपयोग अस्थाई डिवाईडर निर्माण किया जा रहा है. आयुक्त ने सभी कार्य समय सीमा में सावधानी से करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के निर्देश दिए. निरीक्षण में अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, सहायक यंत्री शैलेन्द्र मिश्रा और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे.
