जबलपुर: अधारताल गुजराती मोहल्ला विनोभा नगर में मंगलवार को रहस्यमय परिस्थितियों में कपड़े के गोदाम वाले टपरे में लगी भीषण आग ने कोहराम मचा दिया। देखते ही देखते एक टपरे में लगी आग आसपास मौजूद करीब 16 टपरों तक जा पहुंची। इस दौरान टपरों में रखे कपड़े, वॉशिंग मशीन, ठेला, रिक्शा व एक बाइक जलकर खाक हो गई है। अग्रि दुर्घटना के दौरान गुजराती मोहल्ला में झोपड़ी , टपरे बनाकर रहे रहे लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई और फायर ब्रिगेड के अमले को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों द्वारा दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया । लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और आग ने सब कुछ जलाकर खाक कर दिया था। बस स्थानीय लोगों का ये ही कहना था कि कम से कम इस अग्रिदुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई ये भगवान की बहुत बड़ी कृपा थी।
इस संबंध में स्थानीय कपड़े के व्यापारी सुनील गुजराती ने नवभारत को बताया कि आग टपरों में कैसे लगी ये समझ से परे हैं। स्थानीय व्यापारियों ने शॉट सर्किट की वजह को बिल्कुल नकार दिया है। वहीं अग्रिकांड की सूचना मिलने के बाद मौके पर विधायक अशोक रोहाणी पहुंचे और उन्होनें पीड़ित परिवारों को आश्वासन दिया है कि वे मुआवजे के रूप में उन लोगों की मदद करेंगे। सुनील के अनुसार करीब 16 परिवारों को इस दुर्घटना से 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
मुआवजे की मांग
अधारताल गुजराती मोहल्ला विनोभा नगर के पीड़ित व्यापारियों ने प्र्रशासन से मुआवजे की मांग की है उनका कहना है कि अग्रिदुर्घटना के बाद उनके पहनने तक के कपड़े नहीं बचे हैं और न ही रहने का ठिकाना बचा है, वे अब रोड में आ चुके हैं। विदित हो कि इस इलाके के अधिकांश परिवार पुराने कपड़ों के व्यवसाय से जुड़े हैं।
जानकारी के अनुसार अधारताल गुजराती मोहल्ला विनोभा नगर में करीब 16 लोगों के टपरे थे जिसमें कपड़े भरे हुए थे और इनके बाजू में भी लोग घर बनाकर रहे रहे थे। कुछ तो इन्हीें टपरों के भीतर रहकर गुजर बसर कर रहे थे।
