बंगलादेश-पाकिस्तान के बीच वनडे सीरीज में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे लिटन दास

ढाका, 10 मार्च (वार्ता) बंगलादेश के मुख्य कोच फिल सिमंस ने पुष्टि की है कि पाकिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की एक दिवसीय शृंखला में लिटन दास पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे।

लिटन ने 2019 क्रिकेट विश्व कप के बाद से वनडे में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी नहीं की है। सिमंस को उम्मीद है कि मध्यक्रम में उतरने से वह 50 ओवर के प्रारूप में अपनी खोई हुई लय वापस पा सकेंगे।

लिटन पिछली आठ वनडे पारियों में दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सके हैं। सिमंस का मानना है कि बल्लेबाजी क्रम में बदलाव से टीम के मध्यक्रम को मजबूती मिलेगी, जो लंबे समय से कमजोर कड़ी रहा है।

उन्होंने कहा कि विकेटकीपिंग करने के बाद सीधे पारी की शुरुआत करना मुश्किल होता है, इसलिए मध्यक्रम में बल्लेबाजी करना लिटन के लिए अधिक अनुकूल हो सकता है। पाकिस्तान के लिए यह सीरीज भारत और श्रीलंका में हुए टी20 विश्व कप 2026 के बाद पहला अंतरराष्ट्रीय अभियान होगा, जहां टीम नॉकआउट चरण में जगह बनाने में असफल रही थी।

पाकिस्तान ने इस दौरे के लिए अपने दल में छह नये खिलाड़ियों को शामिल किया है, जबकि अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम टीम में नहीं हैं।

टीमें इस प्रकार हैं:

बंगलादेश : मेहदी हसन मिराज (कप्तान), सौम्य सरकार, सैफ हसन, तंजीद हसन, नजमुल हुसैन शांतो, तौहीद हृदोय, लिटन दास, अफीफ हुसैन, महिदुल इस्लाम भुइयां, रिशाद हुसैन, तनवीर इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, तास्किन अहमद, शोरीफुल इस्लाम, नाहिद राणा।

पाकिस्तान : शाहीन अफरीदी (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फैसल अकरम, हारिस रऊफ, हुसैन तलत, माज़ सदाकत, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम, मुहम्मद गाजी घोरी, साद मसूद, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा, शामिल हुसैन।

 

 

 

 

Next Post

समर्थन मूल्य पर गेंहू खरीदी के लिए किसान आज तक करा सकेगे पंजीयन

Tue Mar 10 , 2026
रीवा। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य देने के लिए शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीद की जाती है. समर्थन मूल्य पर गेंहू खरीदी के लिए किसानों के पंजीयन की अंतिम तिथि 10 मार्च निर्धारित की गई है. किसान एमपी किसान एप, ई-उपार्जन पोर्टल तथा ई-उपार्जन मोबाइल एप पर […]

You May Like

मनोरंजन