अवैध संबंध में रोड़ा बने पति की हत्या कर पेड़ से लटकाया

सतना : जिले की जैतवारा पुलिस द्वारा कोठरा गांव में पति की हत्या के आरोप में पत्नी और उसके मित्र को गिरफ्तार किए जाने की घटना अभी सुर्खियां बटोर ही रही थी कि अब उसी इलाके के किटहा गांव की ऐसी ही घटना सामने आ गई. पत्नी के अवैध संबंध में बाधक की कीमत पति को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. पति की हत्या कर पेड़ से लटका देने के आरोप में पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया.

मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे से प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 दिन पहले मोटवा के जंगल में एक व्यक्ति का शव महुआ के पेड़ की डाल पर फंदे से लटका पाया गया था. इस घटना की सूचना वन विभाग के कर्मचारी द्वारा दी गई थी.  पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरु की. शव पेड़ पर रस्सी से लटका हुआ था और 3-4 दिन पुराना लग रहा था. पुलिस द्वारा आस पास मौजूद लोगों से मृतक के बारे में पूछताछ की.

लेकिन कोई भी उसे पहचान नहीं सका. जिसके चलते पुलिस द्वारा सोशल मीडिया का सहारा लिया गया. जिसके जरिए मृतक की पहचान राजाभईया डोहर पिता भूरा उम्र 45 वर्ष निवासी किटहा जैतवारा के तौर पर हुई. परिजनों ने पुलिस को बताया कि 2 मार्च की सुबह राजाभईया अपनी पत्नी 35 वर्षीय रामबाई डोहर और भैंसवार गांव के निवासी बाबूलाल चौधरी उम्र 40 वर्ष के साथ मजदूरी करने के लिए घर से निकला था. लेकिन रात होने पर केवल रामबाई ही वापस घर लौटी. यह देख जब मां ने राजाभईया के बारे में पूछा तो रामबाई ने संतोषजनक उत्तर नहीं दिया.
अक्सर होता था झगड़ा
मृतक राजाभईया की मां ने पुलिस को बताया कि रामबाई और बाबूलाल के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. जब इस बात की जानकारी राजाभईया को हो गई तो उसने पत्नी रामबाई को बाबूलाल से दूर रहने के लिए कहा. लेकिन पति की बात को अनसुना कर रामबाई प्रेमी बाबूलाल से मिलती रही. इस बात को लेकर पति और पत्नी के बीच काफी झगड़ा भी होता था. इसी कड़ी में परिजनों ने सीधे तौर पर रामबाई और बाबूलाल पर हत्या का आरोप लगाया.
  शराब पिलाकर गला दबाया
परिजनों से मिली इस महत्वपूर्ण लीड के फौरन बाद ही पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी रामबाई और उसके प्रेमी बाबूलाल को पकड़ लिया. पुलिस द्वारा कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों ने मिलकर राजाभईया की हत्या करना स्वीकार कर लिया. मजदूरी के लिए घर से निकलने के बाद राजाभईया को दोनों मोटवा के जंगल की ओर ले गए. जहां पर राजाभईया को जमकर शराब पिलाई. शराब के नशे में धुत्त होते ही दोनों ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी. जिसके बाद रस्सी से फंदा बनाकर पेड़ से लटका दिया

Next Post

बंदूक-कारतूस के साथ नाबालिग समेत 3 धराए

Tue Mar 10 , 2026
सतना :पतेरी तिराहे के निकट चाय की दुकान के पास सडक़ किनारे संदिग्ध तौर पर खड़ी कार की जब पुलिस ने जांच की तो उसमें 12 बोर की लोडेड बंदूक रखी मिली. जिसे देखते हुए पुलिस ने कार सवार नाबालिग समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.सिविल लाइन थाना प्रभारी […]

You May Like

मनोरंजन