सतना :पतेरी तिराहे के निकट चाय की दुकान के पास सडक़ किनारे संदिग्ध तौर पर खड़ी कार की जब पुलिस ने जांच की तो उसमें 12 बोर की लोडेड बंदूक रखी मिली. जिसे देखते हुए पुलिस ने कार सवार नाबालिग समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.सिविल लाइन थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह परिहार से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को भारत-न्यूजीलैण्ड के बीच टी 20 वल्र्ड कप का फाइनल मैच होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस टीम द्वारा पेट्रोलिंग की जा रही थी.
इसी दौरान पतेरी तिराहे के निकट चाय की दुकान के पास सडक़ किनारे एक कार खड़ी नजर आई. कार में तीन लडक़े बैठे हुए थे. पूछताछ किए जाने पर तीनों ने कार के संबंध में कोई भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी. लिहाजा संदेह के आधार पर कार की जांच की गई. जिसके चलते चालक सीट के बगल में 12 बोर की एक नाली बंदूक रखी नजर आई. बंदूक की जांच करने पर उसकी नली में एक कारतूस मिला. जिसे देखते हुए तीनों आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया गया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान सचिन बागरी पिता रामजी उम्र 27 वर्ष निवासी रजरवारा और गौरव कुमार हरिजन पिता बालचंद्र राम उम्र 21 वर्ष निवासी चटका बस्ती मोरवा के तौर पर हुई. जबकि तीसरा आरोपी अवयस्क निकला.
