छतरपुर: पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा सोमवार शाम 7 बजे छतरपुर पहुंची। यात्रा के दौरान छत्रसाल चौराहा से मशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और अलग बुंदेलखंड राज्य के समर्थन में नारे लगाए।यह यात्रा बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय के नेतृत्व में निकाली जा रही है। इस दौरान भानू सहाय ने कहा कि छतरपुर की धरती वीरता और स्वाभिमान का प्रतीक रही है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र लंबे समय से विकास से वंचित रहा है, इसलिए पृथक राज्य का गठन क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि जन आक्रोश यात्रा 16 फरवरी को चित्रकूट स्थित कामतानाथ मंदिर से शुरू हुई थी, जो 13 मार्च को ओरछा स्थित रामराजा सरकार के दरबार में पहुंचकर समाप्त होगी। यात्रा चित्रकूट, बांदा, पन्ना, दमोह, सागर, टीकमगढ़, ललितपुर, दतिया, जालौन, हमीरपुर और महोबा होते हुए छतरपुर पहुंची है।यात्रा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य निर्माण का वादा कई वर्ष पहले किया गया था, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया। इसके विरोध में क्षेत्र में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है और बड़ी संख्या में लोगों को आंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।इस दौरान छतरपुर कचहरी में अधिवक्ताओं से भी जनसंपर्क किया गया। कार्यक्रम में अशोक सक्सेना, रघुराज शर्मा, वरुण अग्रवाल, भगवान सिंह यादव, प्रदीप झा, इमरान नौगांव, विकास पाल, हरिओम प्रजापति सहित कई लोग मौजूद रहे।
