मेली केर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सात विकेट लेकर रिकॉर्ड तोड़ा

डुनेडिन, 08 मार्च (वार्ता) मेली केर (34 रन देकर सात विकेट) के ऐतिहासिक गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड ने रविवार को डुनेडिन के यूनिवर्सिटी ओवल में दूसरे एकदिवसीय मैच में जिम्बाब्वे को आठ विकेट से शिकस्त दी। इसी के साथ केर ने जैकी लॉर्ड के 44 साल पुराने रिकार्ड को भी तोड़ दिया।

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। केर ने 34 रन देकर सात विकेट झटके और जिम्बाब्वे को मात्र 102 रन पर समेट दिया, जिससे जैकी लॉर्ड का 44 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। लॉर्ड ने आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 1982 में भारत के खिलाफ 6/10 का रिकॉर्ड बनाया था, जो इससे पहले एकदिवसीय में न्यूजीलैंड की किसी महिला का सबसे अच्छा गेंदबाजी प्रदर्शन था।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की वेबसाइट के अनुसार यह महिला एकदिवसीय में सात विकेट लेने का सातवां मौका था। केर इस उपलब्धि के साथ पाकिस्तान की साजिदा शाह, इंग्लैंड की जो चेम्बरलेन, वेस्ट इंडीज की अनीसा मोहम्मद और ऑस्ट्रेलियाई तिकड़ी अलाना किंग, एलिस पेरी और शेली निट्स्के की सूची में शामिल हो गईं।

इससे पहले, मॉली पेनफोल्ड ने 17 रन देकर तीन विकेट लिए, जिससे जिम्बाब्वे का शीर्ष क्रम ध्वस्त हो गया और मेहमान टीम 48 रन पर तीन विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी। इसके बाद केर ने आक्रमण की जिम्मेदारी को संभाला और सी धुरुरू को बोल्ड करके टीम को गिराना शुरू किया। उन्होंने मोडेस्टर मुपाचिकवा, क्रिस्टाबेल चैटोंजवा, एडेल जिमुनु, न्याशा ग्वानज़ुरा, ऑड्रे माजविशाया और तेंदई मकुशा को जल्दी-जल्दी आउट किया, जिससे मेजबान टीम ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।

केर ने बल्ले से भी अहम योगदान दिया, लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने सबसे अधिक 45 रन बनाए, जिससे न्यूजीलैंड ने आराम से आठ विकेट से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड की महिला टीम ने तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

 

 

Next Post

लोकसभा अध्यक्ष ने ऑल-वुमेन बाइक रैली 2026 को हरी झंडी दिखाई

Sun Mar 8 , 2026
नयी दिल्ली, 08 मार्च (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक समाचार पत्र की ओर से यहां कनॉट प्लेस में आयोजित ऑल-वुमेन बाइक रैली 2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी देशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ दीं […]

You May Like