मंदाना करीमी ने ईरान के हालात पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि ईरान की महिलाओं पर हो रहे अत्याचार बेहद दर्दनाक हैं और वह खुद भी महसा अमीनी जैसी स्थिति का सामना कर सकती थीं।
ईरान में जन्मीं एक्ट्रेस मंदाना करीमी ने हाल ही में अपने देश की मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक स्थिति पर खुलकर बात की है। भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में पहचान बना चुकीं मंदाना ने ईरान में महिलाओं और आम लोगों पर हो रहे अत्याचारों को लेकर गहरा दुख और चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह केवल खबरों में सुनी हुई बातें नहीं हैं, बल्कि वह खुद इस दर्दनाक माहौल को करीब से जी चुकी हैं।
मंदाना ने बताया कि उनका जन्म ईरान में हुआ था और वह 18 साल की उम्र तक वहीं रहीं। एक्ट्रेस ने कहा कि कुछ साल पहले तक उनके पास ईरान का पासपोर्ट भी था, इसलिए वहां के हालात उनके लिए सिर्फ एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि व्यक्तिगत अनुभव है। एक्ट्रेस ने बताया कि जब वह ईरान से बाहर आईं, तब उन्हें वहां की वास्तविक स्थिति का अंदाजा हुआ। उन्होंने कहा कि उनके कई दोस्त गिरफ्तार कर लिए गए और कुछ लोगों को फांसी तक दे दी गई।
मंदाना करीमी ने कही ये बात
मंदाना करीमी ने 8 जनवरी को हुई हिंसक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वह दिन बेहद दर्दनाक था। उनके मुताबिक, उस दिन सड़कों पर उतरे कई लोगों को मार दिया गया। एक्ट्रेस ने कहा कि पिछले कई दशकों से ईरान के लोग इस शासन से आजादी पाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हर बार उनकी आवाज को दबा दिया जाता है।
मैं भी महसा अमीनी हो सकती थी
मंदाना करीमी ने कहा कि ईरान में महिलाओं की स्थिति बेहद कठिन है और कई बार उन्हें अपने अधिकारों के लिए जान तक गंवानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि जब वह अपने परिवार और दोस्तों से वहां की तस्वीरें और खबरें देखती हैं तो खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि वह समय रहते ईरान छोड़कर बाहर आ गईं। एक्ट्रेस ने कहा कि कभी-कभी मुझे लगता है कि अगर मैं वहां होती, तो शायद मेरा भी वही हाल होता जो महसा अमिनी का हुआ। महसा अमीनी एक 22 वर्षीय कुर्द मूल की महिला थीं, जिनकी 2022 में पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी।
दुनिया से की संवेदनशील नजर से देखने की अपील
मंदाना ने लोगों से अपील की कि वे ईरान के हालात को केवल राजनीतिक नजरिए से न देखें, बल्कि वहां रहने वाले लोगों की भावनाओं को भी समझने की कोशिश करें। उन्होंने कहा कि ईरान के लोग लगातार संघर्ष कर रहे हैं और दुनिया को उनकी आवाज सुननी चाहिए। एक्ट्रेस के इस बयान ने सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा बटोरी है, जहां कई लोग उनके साहस और संवेदनशीलता की सराहना कर रहे हैं।
