मुंबई, 28 अप्रैल (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल ने रितेश देशमुख से खास मुलाकात की है। जियो स्टूडियोज़ और मुंबई फिल्म कंपनी की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ अब अपनी रिलीज़ के बेहद करीब है। इसी बीच दर्शकों को एक खास और यादगार पल देखने को मिला, जब ‘छावा’ और छत्रपति शिवाजी महाराज एक ही फ्रेम में साथ दिखाई दिए। एक खास मुलाकात के दौरान विक्की कौशल ने रितेश विलासराव देशमुख से मुलाकात की, जो ‘राजा शिवाजी’ में लीड, डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और राइटर चारों भूमिकाएं निभा रहे हैं।
दोनों के बीच फिल्म को लेकर गहरी बातचीत होती दिखी, जहां रितेश देशमुख ने एक साथ कई जिम्मेदारियां संभालने, हिंदी और मराठी फिल्म इंडस्ट्री के मजबूत कलाकारों को साथ लाने और एक द्विभाषी फिल्म की शूटिंग के अनुभवों के बारे में खुलकर बात की। वहीं, विक्की कौशल ने भी रितेश और पूरी टीम को फिल्म के लिए दिल से शुभकामनाएं दीं। मेकर्स ने उनकी इस मुलाकात की एक झलक शेयर की है, जबकि पूरा वीडियो जल्द सामने आएगा।
इस फिल्म में हिंदी और मराठी सिनेमा के कई बड़े कलाकार एक साथ नजर आएंगे, जिनमें संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते और जिनिलीया देशमुख शामिल हैं। फिल्म की कमान खुद रितेश देशमुख के हाथों में है, जिन्होंने इसे लिखा, निर्देशित, प्रोड्यूस और लीड भी किया है। जियो स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत ‘राजा शिवाजी’, मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले बनी है और इसे ज्योति देशपांडे और जिनिलीया देशमुख ने प्रोड्यूस किया है। छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और विरासत पर आधारित यह भव्य ऐतिहासिक फिल्म एक मई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में मराठी और हिंदी में रिलीज़ होगी, जो भारत के इतिहास को बड़े पैमाने, भावनाओं और भव्यता के साथ जीवंत करेगी।

