महू: बड़गोंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत आशापुरा गांव के पास बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में इन्फैंट्री स्कूल के एक जवान की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज आर्मी अस्पताल में चल रहा है.जानकारी के अनुसार, दोनों जवान इन्फैंट्री स्कूल से जुड़े थे और किसी काम से बाहर गए थे. देर रात वे कार से आशापुरा से महू की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी कार अचानक असंतुलित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई.
टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में जवान सूर्य ऊकाई (27) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल जवान को तुरंत इलाज के लिए आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही बड़गोंदा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस और सेना के अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
