सिंगरौली: होली के पावन पर्व पर कचनी स्थित सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के निज निवास ‘शगुन गार्डन’ में आयोजित फाग उत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक सम्मानित नागरिक, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और प्रेम, सौहार्द व भाईचारे के रंगों से माहौल सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक रामनिवास शाह ने उपस्थित सभी लोगों से आत्मीय भेंट कर होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। फाग उत्सव के दौरान पारंपरिक ढोलक, झांझ और मजीरा की धुन पर फाग गीत गाए गए, जिससे पूरा वातावरण होली के रंग में रंग गया। विधायक शाह ने भी ढोलक और मजीरा बजाकर फाग गीतों में सहभागिता की और कार्यकर्ताओं व नागरिकों के साथ जमकर होली खेली।
होली के अवसर पर विधायक रामनिवास शाह सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर आमजन के साथ रंगोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने लोगों के बीच जाकर अबीर-गुलाल लगाया और होली की शुभकामनाएं दीं। दिनभर अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद देर रात तक होली का यह महापर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया।
विधायक रामनिवास शाह ने इस अवसर पर कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने का काम करते हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह रंगोत्सव सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और नई ऊर्जा लेकर आए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी इस मिलन समारोह को यादगार बताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया।
