जबलपुर: कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर मिलावटखोरी रोकने चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर के दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान अधारताल स्थित श्री स्वीट्स एंड बेकरी में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि अँधेरदेव स्थित श्रीराम स्वीट्स एंड नमकीन से छैना और नमकीन के नमूने जांच हेतु लिए गए।
वहीं अधारताल चौक स्थित श्री स्वीट्स एंड बेकरी में विक्रय के लिए रखे लगभग 50 किलोग्राम छैना (चमचम) में कीड़े और कॉकरोच पाए गए। दूषित मिठाई को नगर निगम दल की मदद से मौके पर ही नष्ट कराया गया।कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान संचालक मुकेश तिवारी द्वारा विरोध किए जाने पर पुलिस बल की सहायता से निरीक्षण पूर्ण किया गया।
मलाई रोल का नमूना लेकर भेजा भोपाल
इसके अलावा सिल्वर फॉयल के स्थान पर एल्युमिनियम फॉयल उपयोग किए जाने के संदेह पर मलाई रोल का नमूना लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग ने त्योहारों के मद्देनजर जांच अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
