श्रीनगर | जम्मू-कश्मीर की सत्ताधारी पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) ने ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईरान के साथ एकजुटता का प्रस्ताव पारित किया है। श्रीनगर स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित शोक सभा में महासचिव अली मोहम्मद सागर ने अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की। पार्टी के सांसदों और विधायकों ने इस हमले में जान गंवाने वाली स्कूली छात्राओं और अन्य नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव में पार्टी ने ईरान के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया।
ज्ञात हो कि 28 फरवरी को तेहरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों में सुप्रीम लीडर खामेनेई सहित 40 से अधिक शीर्ष सैन्य नेताओं की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुँच गया है। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए खाड़ी देशों में स्थित इजरायल और अमेरिका के सैन्य प्रतिष्ठानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेताओं ने इस वैश्विक संघर्ष पर चिंता जताते हुए शांति की अपील की है और निर्दोषों की मौत को मानवता के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
खामेनेई की हत्या के विरोध में आज लगातार दूसरे दिन भी कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए। मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व वाले संगठन ‘मुताहिदा मजलिस-ए-उलेमा’ की अपील पर घाटी में पूर्ण शटडाउन रहा, जिसका पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी समर्थन किया। प्रशासन ने विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए श्रीनगर के लाल चौक और अन्य संवेदनशील इलाकों में कड़ी पाबंदियां लगा दी हैं। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। इंटरनेट और आवाजाही पर भी कुछ क्षेत्रों में प्रतिबंध लगाए गए हैं।

