जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत बिलपुरा में फेसबुक पर पुरानी स्कूटी खरीदने के नाम पर एक महिला से 58,500 की ऑनलाइन ठगी की गई।जानकारी अनुसार इंद्रानगर व्हीएफजे स्टेट बिलपुरा निवासी सुश्री शिल्पा नायडू (38) ने फेसबुक पर 25,000 में एक्टिवा बेचने का विज्ञापन देखा था। दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर आरोपी ने खुद को आर्मी ऑफिसर बताया और कहा कि जम्मू-कश्मीर ट्रांसफर होने के कारण वह अपनी गाड़ी अर्जेंट बेच रहा है।
झांसे में आकर महिला ने आरोपी के कहने पर व्हाट्सएप पर अपने दस्तावेज भेजे। इसके बाद आरोपी ने गाड़ी ट्रांसफर, आर्मी प्रोसेस और टोल टैक्स के नाम पर महिला और उसके पड़ोसी डिम्पल श्रीवास के फोन-पे से अलग-अलग किश्तों में कुल 58,500 ट्रांसफर करवा लिए। जब आरोपी ने 25,000 की और मांग की, तब महिला को ठगी का अहसास हुआ। पीड़िता की लिखित शिकायत पर रांझी पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
